Bollywood News


मेरे बेटे ने कोई गलती नहीं की : आदित्य पंचोली

मेरे बेटे ने कोई गलती नहीं की : आदित्य पंचोली
मुंबई की अदालत ने सूरज पंचोली की जमानत याचिका पर सुनवाई की तारीख 21 जून तक स्थिगित कर दी है। सूरज को बॉलीवुड अभिनेत्री जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सूरज के पिता अभिनेता आदित्य पंचोली ने कहा कि उनका बेटा बेकसूर है और जेल में रहने का अनुभव उसे मजबूत इंसान बनाएगा।

आदित्य ने संयम बरतते हुए कहा, "ठीक है। मेरे बेटे को कुछ समय जेल में बिताने दीजिए। इससे वह समझदार और मजबूत बनेगा। उसने कोई गलत काम नहीं किया है, इसलिए जेल में रहने से वह मजबूत इंसान बनेगा।"

अभिनेत्री नफीसा उर्फ जिया खान ने बीते तीन जून को मुंबई के जुहू स्थित अपने घर पर आत्महत्या कर ली। वह 25 साल की थीं। जिया ने राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'निशब्द' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।

पुलिस ने आठ जून को जिया के घर से उसका लिखा हुआ एक नोट बरामद किया, जिसमें जिया ने सूरज के साथ अपने बिगड़ते रिश्ते का जिक्र किया था और उस पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया था। इसके दो दिन के बाद मुंबई पुलिस ने सूरज को गिरफ्तार किया।

सूरज की मां अभिनेत्री जरीना वहाब और पिता आदित्य पंचोली को पूरा यकीन था कि उनके बेटे को 14 जून को जमानत मिल जाएगी। हालांकि ऐसा नहीं हो सका और जमानत की सुनवाई टाल दी गई।

एक सूत्र के अनुसार, फिलहाल सूरज को जमानत मिलने की फिलहाल संभावना नजर नहीं आ रही। मीडिया में उसके बारे में जो बातें फैली हैं, वह गलत हैं। सूत्र ने बताया, "सूरज के गुस्सैल स्वभाव का होने की बात बढ़ा-चढ़ा कर फैलाई जा रही है। सच तो यह है कि जब वह गुस्से में होता है, तो बिल्कुल चुप हो जाता है। वह बहुत मजबूत व्यक्तित्व का है। जब उसके माता-पिता उससे मिलते हैं तो वह उन्हें ही सांत्वना देता है।"

End of content

No more pages to load