Bollywood News


बॉलीवुड आने की इच्छुक नहीं हैं पद्मा

सुपरमॉडल, टेलीविजन प्रस्तोता, निर्माता, लेखिका और अभिनेत्री पद्मा लक्ष्मी का कहना है कि उनकी इच्छा बॉलीवुड आने की नहीं है।

अभिनेत्री ने कहा कि भारतीय फिल्म जगत में करियर बनाने के लिए वह अमेरिका में अपने जीवन के साथ समझौता नहीं कर सकतीं।

लक्ष्मी ने लॉस एंजेलिस से आईएएनएस को फोन पर बताया, "मैं भारत में नहीं रहती। मेरा जीवन अमेरिका में है और मैं इस बात से खुश हूं कि लोग अब भी मुझसे बॉलीवुड में जाने के बारे में पूछते हैं।"

उन्होंने कहा, "मेरा जीवन अमेरिका में है और यहां मेरा परिवार और बच्चा है तो फिल्मों के लिए भारत जाना मेरे लिए संभव नहीं।"

अपने टेलीविजन शो 'टॉप शेफ' से विश्व भर में पहचान बनाने वालीं पद्मा लक्ष्मी ने चेन्नई से हॉलीवुड तक का सफर तय किया।

वह एक किताब भी प्रकाशित करने वाली हैं, जिसमें उन्होंने अपने जीवन के सफर को साझा किया है।

उन्होंने कहा, "अगले साल एक किताब प्रकाशित होने वाली है। यह किताब व्यंजनों पर नहीं है, बल्कि मेरे जीवन के अनुभवों को दर्शाती है।"

End of content

No more pages to load