बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने देश के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में तिरंगा फहराने के फैसला का स्वागत किया है। अक्षय ने कहा कि तिरंगा भारतीयों को ऊंचा उठने और नई उपलब्धियां पाने के लिए प्रेरित करता है। अक्षय ने मानव संसाधन विकास मंत्रालय के इस फैसले पर अपने विचार को ट्विटर पर व्यक्त किया।
अक्षय ने ट्विटर पर लिखा है कि देश के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में तिरंगा फहराने के फैसले का पूरा समर्थन करता हूं। और, क्यों नहीं, यह हमें ऊंचा उठने की प्रेरणा देता है। एचआरडी मंत्री स्मृति ईरानी की अध्यक्षता में केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक में यह फैसला लिया गया था।
एक सैनिक के बेटे अक्षय देशभक्ति पर आधारित फिल्मों में अभिनय के लिए मशहूर हैं। कुछ समय पहले ही रिलीज हुई उनकी फिल्म 'एयरलिफ्ट' 1990 के इराक-कुवैत युद्ध के दौरान भारतीयों को कुवैत से मुक्त कराने की घटना पर आधारित है। फिल्म के एक प्रभावशाली दृश्य में राष्ट्रीय ध्वज फहराते दिखाया गया है, जिसने दर्शकों के मन में देशभक्ति की भावनाएं जगा दीं।
अक्षय कुमार ने विश्वविद्यालयों में तिरंगा फहराने के फैसले का स्वागत किया
Tuesday, February 23, 2016 10:30 IST


