Bollywood News


अक्षय की 'पृथ्वीराज चौहान' में रानी संयोगिता का किरदार निभाएंगी मानुषी छिल्लर

अक्षय कुमार फिलहाल अपनी हालिया रिलीज़ मिशन मंगल की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं जो की अब तक बॉक्स आफिस पर 180 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है और अब अक्षय के फैन्स के लिए एक बढ़िया खबर और आ चुकी है।

कुछ समय से बात चल रही थी कि पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर अक्षय कुमार स्टारर चंद्रप्रकाश द्विवेदी द्वारा निर्देशित फिल्म 'पृथ्वीराज चौहान' में नज़र आ सकती हैं लेकिन वे किस किरदार में दिखेंगी या साफ नहीं हुआ था मगर अब हो गया है।

खबर है कि फ़िल्म की कास्टिंग लगभग पूरी हो गयी है और इस फिल्म में मानुषी पृथ्वीराज चैहान की पत्नी 'संयोगिता' का किरदार निभाती दिखेंगी। फ़िल्म में उड़ता पंजाब और अंधाधुन जैसी फिल्मों में बेईमान पुलिस अफसर के किरदार में दिख चुके मानव विज, मुहम्मद घोरी के किरदार में दिखेंगे।

फिल्म के ज़रिए भारत के महान योद्धाओं में से एक पृथ्वीराज चौहान की पराक्रम गाथा को दिखाया जाएगा साथ ही पृथ्वीराज और कन्नौज की राजकुमारी संयोगिता की प्रेम कहानी भी देखने को मिलेगी। गौरतलब है कि पृथ्वीराज चौहान के मित्र और कवि चंद बरदाई के महाकाव्य 'पृथ्वीराज रासो' में दोनो की प्रेम कहानी का ज़िक्र किया गया है।

संयोगिता पृथ्वीराज चौहान के साहस और शौर्य की कहानी सुनकर उनसे प्यार करने लगी थी मगर उनके पिता जयचंद पृथ्वीराज चौहान को पसंद नही करते थे, उन्होंने पृथ्वीराज को नीचा दिखाने के लिए संयोगिता के स्वयंवर उन्हें आमंत्रित ही नहीं किया और उनका पुतला बनवाकर दरबान के रूप में दरवाज़े पर खड़ा कर दिया था, संयोगिता ने उसी पुतले को वरमाला पहनाकर पृथ्वीराज चौहान को अपना पति मान लिया था।

खबर है कि चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में बन रही ये फ़िल्म अगले साल रिलीज होगी। फ़िलहाल अक्षय जल्द ही फरहद सामजी के निर्देशन में बन रही 'हाउसफुल 4' में कृति सेनन, रितेश देशमुख, कीर्ति खरबंदा, बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और राणा दग्गुबती के साथ नज़र आएंगे, फिल्म 25 अक्टूबर को दिवाली के पास रिलीज़ होगी।

End of content

No more pages to load