Bollywood News


कंगना और रंगोली को मुंबई पुलिस ने दिया 10 नवंबर से पहले पेश होने का आदेश

कंगना और रंगोली को मुंबई पुलिस ने दिया 10 नवंबर से पहले पेश होने का आदेश
हाल ही में मुंबई पुलिस की ओर से बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली को समन भेजा गया है और उन्हें 10 नवंबर से पहले पेश होने के आदेश दिए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्वीट कर कंगना रनौत को भेजे जानेवाले इस समन की जानकारी दी है। यह समन कंगना के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत के बाद भेजा गया है। स्थानीय अदालत के आदेश पर मुंबई पुलिस ने कंगना और उनकी बहन रंगोली चंदेल के खिलाफ 17 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की थी। बता दें कि कंगना और उनकी बहन पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साम्प्रदायिक तनाव फैलाने का आरोप है।

एक पुलिस अधिकारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अदालत के आदेश पर बांद्रा पुलिस ने रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए (धर्म, नस्ल इत्यादि के आधार पर विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाना), 295 ए (धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करना) और 124 ए (राजद्रोह) के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता के वकील के अनुसार, पिछले दो महीने से रनौत अपने ट्वीट और टीवी पर दिए गए इंटरव्यू में बॉलीवुड को भाई भतीजावाद कह कर बदनाम कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि कंगना रनौत ने 'बेहद आपत्तिजनक' टिप्पणियां की, जिनसे न केवल शिकायतकर्ता की बल्कि कई कलाकारों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई। शिकायत में कहा गया कि रनौत कलाकारों को साम्प्रदायिकता के आधार पर बांटने का प्रयास कर रही हैं।

End of content

No more pages to load