जब से तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान सड़कों पर उतरे हैं तभी से उनके आंदोलन को लेकर ट्विटर पर जंग छिड़ी हुई है। इसी क्रम में कंगना रनौत और पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ का नाम जुड़ गया है। दोनों के बीच ट्विटर पर छिड़ी लड़ाई रुकने का नाम नही ले रही है, अब हाल ही में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (डीएसजीएमसी) के एक सदस्य ने अभिनेत्री कंगना रनौत को नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों को निशाना बनाने वाले उनके ट्वीट के लिए एक कानूनी नोटिस भेजा है। इस क़ानूनी नोटिस के बाद अभिनेत्री की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ती नज़र आ रही हैं|
बता दें कि कमेटी के सदस्य जस्मैन सिंह नोनी की ओर से वकील हरप्रीत सिंह होरा ने कंगना के खिलाफ यह नोटिस जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि, "जब मुंबई में रनौत के परिसर के एक हिस्से को ढहाया गया तो उन्होंने अपने फैन्स को एकजुट करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया और कहा कि निगम की कार्रवाई उनके मौलिक अधिकारों पर हमला है। इसी तरह संविधान के तहत किसानों को भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है और वह किसानों का अपमान नहीं कर सकती हैं।"
इस नोटिस में आगे यह भी कहा गया है कि शाहीन बाग वाली दादी 100 रुपये में उपलब्ध है कहने वाली कंगना को कोई हक़ नही है, अपनी राजनीति चमकाने के लिए किसी बुज़ुर्ग महिला को अपमानित करने का| इसमें साफ शब्दों में लिखा गया है कि अभिनेत्री का यह ट्विट अपमाँनित करने वाला और नफरत फैलाने वाला है इसलिए इनके उपर कड़ा कदम उठाया जाना चाहिए|
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (डीएसजीएमसी) ने भेजा कंगना रनौत को नोटिस!
Friday, December 04, 2020 13:02 IST


