अक्सर देखा गया है कि बड़ी-बड़ी फ़िल्में रिलीज़ से पहले विवादों में पड़ जाती हैं| कई बार फिल्म के कलाकारों को फिल्म के कारण धमकियाँ मिलती है, अगर आपको पता हो 'पद्मावत' के वक़्त तो संजय लीला भंसाली पर हाथ तक उठा दिया गया था| हाल ही में बॉलीवुड खिलाड़ी अक्षय कुमार को लेकर भी कुछ बुरी खबरें सामने आ रही हैं|
बता दें अक्षय कुमार भारत के पराक्रमी राजा पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित फिल्म 'पृथ्वीराज' में मुख्य भूमिका में नज़र आने वाले हैं| कुछ दिन पहले इसका मोशन पोस्टर भी रिलीज़ किया गया था जिसे लोगों ने बेहद पसंद भी किया था| मगर फिल्म के आगे बढ़ने से पहले ही इस पर मुसीबत के बादल मंडराने लगे हैं| हाल ही में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने चंडीगढ़ में अभिनेता के खिलाफ विरोध करते हुए उनका पुतला जलाया है|
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म का नाम सिर्फ पृथ्वीराज नहीं होना चाहिये बल्कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान होना चाहिए| वह एक महान हिंदू सम्राट थे, इसलिए उनके नाम को सम्मान दिया जाना चाहिये|
गौरतलब है कि अक्षय इस फिल्म में 'पृथ्वीराज चौहान' के किरदार में नज़र आएँगे और मिस वर्ल्ड रह चुकी मानुषी छिल्लर उनकी पत्नी संयोगिता के किरदार में दिखाई देने वाली हैं| फिल्म का निर्देशन चन्द्र प्रकाश द्विवेदी कर रहे हैं और निर्माण कार्य यश राज फिल्म्स ने संभाला है|
भारतीय क्षत्रिय महासभा ने चंडीगढ़ में किया अक्षय कुमार की फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन!
Friday, June 18, 2021 12:16 IST



