'राजा हिंदुस्तानी' और 'रिश्ते' जैसी फिल्मों में मां की भूमिका में नजर आईं अभिनेत्री करिश्मा कपूर असल जिंदगी में भी उसी दृढ़ विश्वास के साथ दो ब्च्चों की मां की भूमिका निभा रही हैं और बच्चों को स्वास्थ्यपरक खाने की अच्छी आदतें सिखा रही हैं।
स्वास्थ्य के प्रति सचेत करिश्मा के लिए घर में स्वास्थ्यपरक भोजन को बढ़ावा देना महत्वपूर्ण है। वह अपने बच्चों के लिए खान-पान को मजेदार बनाने का पूरा प्रयास करती हैं।
समैरा और कियान राज कपूर की मां करिश्मा ने आईएएनएस को बताया, "मैं खाने को मजेदार और रोचक बनाने का प्रयास करती हूं। जैसे- मैं उन्हें बताती हूं कि ब्रोक्कोली एक पेड़ जैसा है, इसलिए वे सोचते हैं कि वे पेड़ खा रहे हैं।"
करिश्मा का मकसद अपने बच्चों को अच्छा खाना देना है।
वह आहार तालिका के अनुसार नहीं चलतीं, लेकिन अपनी थाली रंग बिरंगे खाने से सजी रखना पसंद करती हैं।
उन्होंने कहा, "हम चावल, सब्जी और महाद्वीपीय भोजन जैसा नियमित खाना खाते हैं। मैं अपनी थाली में कई रंगो का भोजन पसंद करती हूूं। मुझे विभिन्न रंगों की शिमला मिर्च और सलाद पसंद है।"
आहार के साथ करिश्मा व्यायाम को भी महत्व देती हैं। उनकी बेटी भी उनके साथ योग करती है।
करिश्मा ने कहा, "मैं व्यायामशाला जाने वालों में से नहीं हूं। मैं योग करने और टहलने को प्राथमिकता देती हूं। जब भी मैं योग करती हूं मेरी बेटी भी मेरे साथ योग करती है।"
90 के दशक की सफल अदाकारा करिश्मा ने 2003 में दिल्ली के व्यवसायी संजय कपूर से शादी की थी। दोनों ने पिछले साल तलाक लिया है।
करिश्मा अब बड़े पर्दे पर अधिक सक्रिय नहीं हैं। 2012 में 92.7 बिग एफएम के 'बिग मेमसाब' के साथ उन्होंने रेडियो पर अपनी शुरुआत की और पूरे भारत की महिलाओं से जुड़कर खुश हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे अपना रेडियो कार्यक्रम पसंद है। बहुत सी महिलाओं की मदद करना मुझे अच्छा लगता है।"
खान-पान मजेदार बनाने की कोशिश करती हूं : करिश्मा
Saturday, August 10, 2013 13:41 IST


