Bollywood News


लोग विफलताओं से ज्यादा सीखते हैं : अभय

लोग विफलताओं से ज्यादा सीखते हैं : अभय
अभिनेता अभय देओल ने पर्दे पर अपरंपरागत भूमिकाएं निभाने की हिम्मत दिखाने के बाद 'वन बाय टू' से फिल्म प्रोडक्शन में हाथ आजमाया, लेकिन वह दर्शकों का दिल जीतने में असफल रहे। वह हार नहीं मानने वाले क्योंकि उनका मानना है कि जिंदगी में सफलता की तुलना में असफलताएं कहीं अधिक सीख देती हैं।

अभय ने आईएएनएस को बताया, "जिदगी में कुछ भी गलत नहीं है। गलत सिर्फ तब होता है जब आप गलती से सबक नहीं लेते और मैं मानता हूं कि लोग सफलता से ज्यादा अपनी असफलताओं से सीखते हैं। इसलिए मेरे लिए यह 'वन बाय टू' एक सीखने का अनुभव था।"

वह कहते हैं कि एक असफल फिल्म उन्हें भविष्य में नई चीजों में हाथ डालने से नहीं रोक सकती।

अभय ने कहा, "मेरे लिए प्रोडक्शन प्रक्रिया खत्म नहीं हुई है। आप छोड़ नहीं सकते। आप अपनी पहली फिल्म के निर्माण के बाद इतना कुछ सीखने के बाद अन्य फिल्में क्यों नहीं बनाना चाहोगे? आप अब अपनी दूसरी फिल्म के लिए ज्यादा अच्छे से तैयार हैं।"

इस साल की शुरुआत में रिलीज हुई 'वन बाय टू' का निर्देशन देविका भगत ने किया। फिल्म में अभय के साथ उनकी प्रेमिका प्रीति देसाई ने भी अभिनय किया।

यह फिल्म करीब 15 करोड़ रुपये के बजट से बनी और अपने शुरुआती सप्ताहांत में महज 1.25 करोड़ और 1.5 करोड़ रुपये के बीच ही कमा पाई।

हालांकि, 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' फिल्म में अभिनय कर चुके अभय ने आगे बढ़ने का फैसला लिया और फिलहाल वह अपनी अगली फिल्म 'बाउन्टी हंर्ट्स' पर काम कर रहे हैं। वह इसे स्वयं बना रहे हैं और साथी ही इसमें अभिनय भी कर रहे हैं।

38 वर्षीय अभय ने वर्ष 2005 में 'सोचा ना था' फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा। वह 'हनीमून ट्रवेल्स प्राइवेट लिमिटेड', 'एक चालिस की लास्ट लोकल', 'मनोरमा सिक्स फीट अंडर', 'ओए लक्की! लक्की ओए!', 'देव.डी' और 'चक्रव्यूह' सरीखी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।

End of content

No more pages to load