नवोदित अभिनेता टाइगर श्रॉफ एक बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं कि वह अपने पिता अभिनेता जैकी श्रॉफ की फिल्म 'राम लखन' के रीमेक में भूमिका नहीं करेंगे।
अपनी पहली फिल्म 'हीरोपंती' की अपार सफलता से सातवें आसमान पर पहुंच चुके 24 वर्षीय टाइगर अपनी उपलब्धि से बेहद खुश हैं।
टाइगर ने आईएएनएस से कहा, "नहीं, मैं अपने पापा की किसी भी फिल्म की रीमेक में काम नहीं करना चाहता। हम दोनों बहुत अलग हैं और मैं उनके साथ अपनी तुलना नहीं चाहता।"
उन्होंने कहा, "यदि कोई मुझे 'राम लखन' का भी प्रस्ताव देगा, तो मैं मना कर दूंगा।" खबरें थीं, कि निर्देशक रोहित शेट्टी सुभाष घई की 1989 में आई सुपरहिट फिल्म 'राम लखन' का रीमेक बनाने पर विचार कर रहे हैं, जिसमें अभिनेता अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, डिंपल कपाड़िया ने काम किया था।
टाइगर ने कहा, "मैं खुश हूं कि दर्शकों और प्रशंसकों ने मुझे सराहा। दर्शकों का प्यार पाना और अपनाया जाना सबसे खुशी का पल है।"
'राम लखन' के रीमेक में काम नहीं करेंगे टाइगर
Monday, September 08, 2014 15:10 IST


