फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की बहन मनारा 'जिद' से बॉलीवुड में कदम रख रही हैं। प्रियंका ने मनारा के काम की तारीफ करते हुए कहा कि वह फिल्म में अपनी चुनौतीपूर्ण भूमिका में खरी उतरी है।
प्रियंका ने मंगलवार को 'जिद' का संगीत हिट होने की खुशी में दी गई एक पार्टी में कहा, "वह (मनारा) काफी आजाद ख्याल लड़की है। वह खुद को लेकर परेशान नहीं होती। पहली बार मैंने उसको अभिनय करते देखा है और कह सकती हूं कि उसको दी गई भूमिका काफी मुश्किल है।"
मनारा ने फिल्म में कई बिंदास दृश्य फिल्माए हैं और फर्स्ट लुक के जारी होने के बाद से ही फिल्म दर्शकों के बीच चर्चा और कौतुहल का विषय बनने में कामयाब हो गई है।
प्रियंका ने कहा, "पहली फिल्म के हिसाब से यह मनारा के लिए काफी बड़ी चुनौती थी, लेकिन उसने अपने किरदार को काफी अच्छी तरह निभाया और मुझे लगता है कि यही उसकी सबसे बड़ी कामयाबी है। मेरे हिसाब से तो अपनी पहली फिल्म में उसने कमाल का काम किया है।"
विवेक अग्निहोत्री निर्देशित फिल्म 'जिद' के निर्माता अनुभव सिन्हा हैं। अभिनेता करणवीर शर्मा ने भी फिल्म में काम किया है।
'जिद' के किरदार में खरी उतरी मनारा: प्रियंका
Wednesday, November 26, 2014 16:48 IST


