Bollywood News


अभिनेता की जिंदगी में अफेयर की अफवाहें आम: अर्जुन

अभिनेता की जिंदगी में अफेयर की अफवाहें आम: अर्जुन
अपनी सह​-​अभिनेत्री के साथ अफेयर की चर्चाएं अभिनेता के जीवन का एक अभिन्न हिस्सा होती हैं​। ​यह कहना है अभिनेता अर्जुन कपूर का​। उन्होंने कहा कि इस तरह की ​खबरें केवल उन्हीं के बारे में नहीं आई हैं​।

अभिनेता अर्जुन कपूर के बारे में अफवाहें हैं कि वह 'तेवर' फिल्म की अपनी सह-अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को डेट कर रहे हैं​। लेकिन अर्जुन की कहानी इससे बिल्कुल भिन्न है​।​

अर्जुन ने कहा​, "ये चीजें (अफेयर की चर्चाएं) अभिनेता की जिंदगी का एक अभिन्न हिस्सा होती हैं​। मैं पहला अभिनेता नहीं हूं जिसका नाम उसकी सह-अभिनेत्री के साथ जोड़ा गया हो, और जाहिर है मैं आखिरी भी नहीं हूं​।"​

​ उन्होंने कहा​, "हम दोनों (सोनाक्षी और अर्जुन) को इन अफवाहों से कोई फर्क नहीं पड़ता​।​"​ इससे पहले अर्जुन के अफेयर की चर्चाएं उनकी पिछली फिल्म '2 स्टेट्स' की अभिनेत्री आलिया भट्ट के साथ थीं​। लेकिन अर्जुन ने कहा कि वह फिलहाल एकल हैं​।

​ ​ उन्होंने कहा, "मैं पिछले दो सालों से यही बात कह रहा हूं, पर किसी को भी मेरी बात पर भरोसा नहीं होता है​। हर कोई चाहता है कि मैं एक गर्लफ्रैंड बना लूं और जब भी मैं अपनी सह-अभिनेत्रियों के साथ मुलाकात के लिए जाता हूं तो हमारे अफेयर की चर्चाएं शुरू हो जाती हैं​।"​

​​ 'तेवर' फिल्म का निर्देशन अमित शर्मा ने किया है​। इसमें मनोज वाजपेयी भी अहम किरदार निभा रहे हैं​। यह फिल्म अगले साल नौ जनवरी को रिलीज होगी​।​

End of content

No more pages to load