Bollywood News


​फिल्म 'पीके' किसी धर्म का अपमान नहीं करती: राजकुमार हिरानी

 ​फिल्म 'पीके' किसी धर्म का अपमान नहीं करती: राजकुमार हिरानी
हिन्दू धर्म के अपमान को लेकर विवादों में घिरी आमिर की फिल्म 'पीके' के निर्देशक राजकुमार हिरानी इन घटनाओं से काफी दुखी हैं। उन्होंने फिल्म पर लगे आरोपों से इंकार करते हुए कहा है कि यह फिल्म हिंदूवाद का अपमान नहीं करती।

​ उन्होंने जोर देकर कहा कि यह फिल्म मानव की एकात्मकता को दर्शाती है। दक्षिणपंथी समूहों के विरोध प्रदर्शनों के जारी रहने के बीच हिरानी ने कहा कि उनकी मंशा किसी की भी भावनाओं को आहत करने की नहीं रही है और आमिर खान अभिनीत फिल्म ' केवल धर्म का दुरूपयोग करने की निंदा ' करते हुए धर्म की सच्ची भावना को बरकरार रखती है।​

​ उन्होंने कहा, "मैं बेहद दुखी हूं और हमारी फिल्म 'पीके' के खिलाफ कुछ समूहों के प्रदर्शनों के बारे में चिंतित हूं। 'पीके' की पूरी टीम की ओर से मैं स्पष्ट करना चाहूंगा कि हम सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करते हैं।"

​ 'मुन्नाभाई' श्रंखला की फिल्में और 'थ्री इडियट्स' बनाने वाले 52 वर्षीय हिरानी ने कहा कि फिल्म के जरिए किसी की भावनाएं आहत करने की उनकी मंशा नहीं थी।​

​ उन्होंने एक बयान में कहा, "हमारी फिल्म संत कबीर और महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित है। यह एक फिल्म है जो इस विचार को सामने लाती है कि इस धरती पर रहने वाले सभी लोग एक समान हैं। कोई भेद नहीं है। हिरानी ने फिल्म का विरोध करने वाले समूहों से समग्रता में फिल्म को देखने की अपील की।"

​ 19 दिसंबर को रिलीज की गयी फिल्म पहले ही बाक्स आफिस पर 246.32 करोड़ रू की कमाई कर चुकी है। हालांकि उसे विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जनजागृति समिति और आल इंडिया महासभा के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।

End of content

No more pages to load