परिणीति बनीं 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की ब्रांड एंबेसडर

परिणीति बनीं 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की ब्रांड एंबेसडर
हरियाणा सरकार ने गुरुवार को मशहूर अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा को 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया।

सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि परिणीति को इस अभियान के लिए इसलिए चुना गया, क्योंकि वह राज्य के अंबाला शहर की रहने वाली हैं। अंबाला, चंडीगढ़ से 45 किलोमीटर दूर है।

प्रवक्ता ने कहा, "अभियान को बढ़ावा देने के लिए 21 जुलाई को गुड़गांव में एक बहुत बड़ा आयोजन करने की योजना है। कार्यक्रम में परिणीति चोपड़ा मौजूद रहेंगी।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कन्याओं को बढ़ावा देने के लिए जनवरी में हरियाणा के पानीपत शहर से देशव्यापी अभियान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया।

हरियाणा से अभियान की शुरुआत इसलिए की गई, क्योंकि लिंगानुपात के मामले में यह राज्य सबसे बुरी स्थिति में है। यहां 1,000 पुरुषों पर 879 महिलाएं हैं। बाल लिंग अनुपात के मामले में हरियाणा देश के अन्य राज्यों में सबसे पीछे है।

भारत में लिंग अनुपात के मामले में सर्वाधिक पिछड़े 100 जिलों में हरियाणा के ही 12 जिले शुमार हैं।

End of content

No more pages to load