कृति, सुशांत की अगली फिल्म की शूटिंग फरवरी से

कृति, सुशांत की अगली फिल्म की शूटिंग फरवरी से
अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'दिलवाले' के प्रचार में व्यस्त हैं और उनका कहना है कि वह अगली फिल्म में सुशांत सिह राजपूत के साथ नजर आएंगी। कृति ने कहा कि उनकी अगली फिल्म की शूटिंग अगले साल फरवरी में शुरू होगी। कृति ने आईएएनएस को बताया, `मैंने दिनेश विजान की फिल्म पर हस्ताक्षर किए हैं, जो सुशांत सिंह राजपूत के साथ है।

इसकी शूटिंग अगले साल फरवरी में शुरू होगी। यह एक असामान्य फिल्म है, जिसका शीर्षक अभी तय नहीं हुआ है।` कृति से जब मोहित सूरी की लेखक चेतन भगत की नॉवल 'हॉफ गर्लफ्रैंड' पर बनने वाली फिल्म के लिए पूछा गया, तो उन्होंने कहा, `जहां तक 'हॉफ गर्लफ्रैंड' की बात है, यह एक बेहतरीन किताब है। मैंने पटकथा पढ़ी है, लेकिन कुछ अन्य तथ्य हैं, जिन्हें समझने की जरूरत है।` कृति ने कहा कि बॉलीवुड में उनका अब तक का करियर शानदार रहा है। उन्होंने रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित फिल्म 'दिलवाले' के बारे में कहा, `मैं फिल्मी पृष्ठभूमि से नहीं हूं और न ही मुझे अभिनय का कोई अनुभव है। मेरे लिए यह फिल्म सीखने वाली रही, जिसमें इतने प्रतिभाशाली कलाकार हैं। मुझे नहीं लगता कि इससे बेहतर अवसर मुझे मिल सकता था।`

End of content

No more pages to load