सलमान के साथ वक्त बिताना मजेदार : शाहरुख

सलमान के साथ वक्त बिताना मजेदार : शाहरुख
बॉलीवुड बादशाह शाहरुख खान ने हाल ही में अभिनेता सलमान खान के साथ रियलिटी टेलीविजन शो 'बिग बॉस नौ' का एक प्रोमो शूट किया है।

शाहरुख का कहना है कि सलमान के साथ वक्त बिताना और उनसे व्यक्तिगत पलों को साझा करना हमेशा मजेदार रहता है। इस महीने 19 और 20 दिसम्बर को शाहरुख को 'बिग बॉस डबल ट्रबल' में देखा जाएगा। संयोग से शाहरुख की फिल्म 'दिलवाले' 18 दिसम्बर को रिलीज हो रही है। इस संबंध में दोनों अभिनेताओं ने एक प्रोमो शूट किया है। इसमें 'करण अर्जुन' फिल्म के संवादों को दोहरा कर पुरानी यादें भी ताजा की गईं।

इस पर शाहरुख ने कहा, "फिल्म 'करण अर्जुन' के दृश्यों को याद करने से अधिक सलमान के साथ होना हमेशा अच्छा होता है। हमने काफी पल साथ गुजारे, लेकिन साथ में शूटिंग लंबे अरसे बाद की।" बकौल शाहरुख, "हमने करीब तीन-चार घंटे साथ में बिताए। हमने खूब बात की और फिर प्रोमो शूट किया। सलमान के साथ वक्त बिताना अच्छा रहा।"

शो में दोनों को खुद पर मसखरी करते देखा जाएगा। हाल ही में दोनों ने पुराने विवाद भुलाते हुए अपनी दोस्ती को फिर से कायम किया है। सलमान के साथ अपने रिश्ते में पिछले दिनों उतार-चढ़ाव के संबंध में शाहरुख ने कहा कि 'दोस्ती में उन्नीस-बीस चलता है।' दोनों अभिनेताओं को सोशल मीडिया पर एक-दूसरे की फिल्मों का प्रचार करते भी देखा गया।

End of content

No more pages to load