'बालिका वधू' प्रत्यूषा ने 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया

'बालिका वधू' प्रत्यूषा ने 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया
धारावाहिक 'बालिका वधू' से घर-घर में अपनी खास जगह बनाने वाली टेलीविजन अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी ने तीन पुलिसकर्मियों सहित आठ लोगों के खिलाफ उनके मुंबई स्थित घर में घुसने की कोशिश करने का मामला दर्ज कराया है।

घटना सोमवार शाम की है।

प्रत्यूषा ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि यहां कांदिवली स्थित उनके घर पर आठ लोग आए और उनके अभिनेता दोस्त राहुल राज सिंह के बारे में सवाल-जवाब किए। प्रत्यूषा ने जब उनसे कहा कि वह घर पर नहीं हैं, तो उन लोगों ने जबरन घर में घुसने की कोशिश की।

प्रत्यूषा ने कहा, `मैं पिछली शाम जो कुछ हुआ, उससे बहुत परेशान हूं। अगर पुलिस वाले ही ऐसा बर्ताव करेंगे, तो क्या होगा? मैंने तीन पुलिसकर्मियों सहित आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।`

उन्होंने कहा, `वे मेरे घर में घुस आए और दरवाजे को धक्का दिया। वे मेरे साथ बदसलूकी कर रहे थे और बहुत ज्यादा बदतमीज थे। मुझे एफआईआर दर्ज कराने में तीन घंटे लग गए, क्योंकि इस मामले में पुलिसवाले ही शामिल थे।`

प्रत्यूषा ने बताया कि आज (मंगलवार) वह इलाके के डीसीपी से मिलेंगी।

ऐसा जान पड़ता है कि यह सारा मामला उस कार लोन की वजह से हुआ है, जो राहुल राज सिंह ने एक बैंक से लिया था और जिसका वह नियमित रूप से भुगतान नहीं कर रहे थे।

अभिनेत्री ने कहा, `31 दिसंबर की रात बैंक ने हमें सूचित किए बिना 5,000 रुपये की ईएमआई के लिए मेरे घर पर रिकवरी एजेंट को भेज दिया था। वह व्यक्ति नशे में था और राशि देने के बावजूद घर से जाने को तैयार नहीं था। इसलिए राहुल ने उसे घर से निकाल दिया।`

प्रत्यूषा ने आगे बताया, `कल रात वे मेरे घर फिर आए थे। मेरे यह कहने के बाद कि राहुल यहां नहीं रहता, यह सब हुआ।`

End of content

No more pages to load