'जॉनी गद्दार' से एक कदम आगे है 'शॉर्टकट रोमीयो': नील

'जॉनी गद्दार' से एक कदम आगे है 'शॉर्टकट रोमीयो': नील
अभिनेता नील नितिन मुकेश कहते हैं कि उनकी आने वाली फिल्म 'शॉर्टकट रोमीयो' वर्ष 2007 में प्रदर्शित हुई 'जॉनी गद्दार' के घृणा और प्रतिशोध से भरे उनके किरदार को एक कदम आगे ले जाने का मौका है। 'शॉर्टकट रोमीयो' में नील ने नकारात्मक किरदार निभाया है।

'जॉनी गद्दार' में नील ने एक जुआघर चलाने वाले गुट के सदस्य विक्रम की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनका किरदार पैसा बनाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। नील के अभिनय की काफी प्रशंसा हुई थी।


नील ने यहां एक साक्षात्कार में कहा, "बीते कुछ सालों से मुझे ऐसी पटकथा की तलाश थी जो मुझे 'जॉनी गद्दार' से एक कदम आगे ले जाए। फिर मुझे सुसी गणेशन से मिलने का मौका मिला। उन्होंने मुझे यह कहानी सुनाई। तब मुझे लगा कि यदि मैं 'जॉनी गद्दार' के किरदार को आगे ले जाना चाहता हूं तो इसके लिए 'शॉर्टकट रोमीयो' सही फिल्म है।"


'शॉर्टकट रोमीयो' में नील का किरदार किसी भी तरीके से अमीर बनना चाहता है।

'शॉर्टकट रोमीयो' गणेशन की सफलतम फिल्म 'थिरुट्टु पेले' का नया संस्करण है। इसमें अमीषा पटेल व पूजा गुप्ता ने भी अभिनय किया है। फिल्म 21 जून को प्रदर्शित होगी।

End of content

No more pages to load