'ये जवानी..' का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर : दीपिका

'ये जवानी..' का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर : दीपिका
अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी युवा उत्साह से लबरेज, बेहतरीन कहानी और शानदार स्क्रिप्ट पर बनी फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' दर्शकों को इतनी पसंद आई कि फिल्म ने रिलीज होने के पहले सप्ताह में ही 62.11 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया।

फिल्म की मुख्य अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने स्वीकार किया कि इस फिल्म ने उनकी उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है।


50 करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म में पूर्व प्रेमी युगल दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।

रिलीज के साथ ही लोगों की जुबान पर चढ़ चुके 'बलम पिचकारी..' और 'बदतमीज दिल..' जैसे गानों के कारण फिल्म के बढ़िया व्यवसाय की उम्मीद की जा रही थी। इस पर दीपिका ने कहा, "पिछले सप्ताह जब हम फिल्म का प्रचार कर रहे थे, तो इसके अच्छे प्रदर्शन करने की उम्मीद लगने लगी थी। प्रचार के दौरान वहां प्रशंसकों की अपार भीड़ थी। वह बहुत शानदार अनुभव था।"


दीपिका ने फिल्म को मिली सफलता पर अपने विचार प्रकट किए और कहा, "आज लोग बॉक्स ऑफिस के बारे में सजग हो गए हैं। हमें फिल्म से एक निश्चित आकड़े तक व्यवसाय करने की उम्मीद थी, लेकिन फिल्म ने हमारी उम्मीद से कहीं ज्यादा व्यवसाय कर लिया है। मैं अपने अहसास को व्यक्त नहीं कर पा रही हूं।"

End of content

No more pages to load