अक्षय ने अल पेसिनो को 'द गॉडफादर' की याद दिलाई

अक्षय ने अल पेसिनो को 'द गॉडफादर' की याद दिलाई
हॉलीवुड सुपरस्टार अल पेसिनो को 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' के प्रोमो में बॉलीवुड सितारे अक्षय कुमार को देखने के बाद खुद की सफलतम फिल्म 'द गॉडफादर' की याद आ गई। अक्षय को इस बात की खुशी है कि इतने बड़े कलाकार ने उनकी फिल्म पर ध्यान दिया।

44 वर्षीय अक्षय ने यहां फिल्म का तीसरा प्रोमो जारी करते हुए कहा, "उन्होंने पूरी फिल्म की प्रशंसा की और कहा कि इस फिल्म ने उन्हें उनकी फिल्म 'गॉडफादर' की याद दिला दी। यह अच्छा लगता है कि इतना बड़ा कलाकार हमारी फिल्म के संबंध में बात कर रहा है और फिल्मोद्योग के लिए यह बड़ी बात है।"

अल पेसिनो ने 1972 में प्रदर्शित 'द गॉडफादर' में माइकल कॉरलीयोन की भूमिका निभाई है।

इस बीच अक्षय ने यह भी कहा कि 'वंस अपोन ए टाइम इन मुंबई' में मुख्य भूमिका निभा चुके अजय देवगन से उनकी तुलना किया जाना सही नहीं हैं।

अक्षय ने कहा, "हम फिल्म बनाने के लिए फिल्म बनाते हैं। मैं ऐसा नहीं सोचता कि मैंने अजय देवगन की तुलना में अच्छा काम किया है। मैं सिर्फ अपने काम के विषय में सोचता हूं।"

उन्होंने कहा, "आपको अपना काम करना चाहिए और यही महत्वपूर्ण है। मैंने कभी भी इस तरह नहीं सोचा और मैं प्रतियोगिता में विश्वास नहीं करता। हम घोड़े नहीं हैं कि आप हम पर शर्त लगाएं। सिर्फ अपना काम कीजिए।"

मिलन लुथरिया के निर्देशन में बनी 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' में इमरान खान व सोनाक्षी सिन्हा ने भी अभिनय किया है। फिल्म 15 अगस्त को प्रदर्शित होगी।

End of content

No more pages to load