नवंबर से काम शुरू करेंगी मनीषा

नवंबर से काम शुरू करेंगी मनीषा
अभिनेत्री मनीषा कोइराला नवंबर से अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगी। हाल ही में मनीषा अमेरिका से कैंसर का इलाज कराकर लौटी हैं और फिलहाल घर पर आराम करने के साथ साथ योग अभ्यास भी कर रही हैं। मनीषा के निजी प्रबंधक सुब्रतो घोष ने आईएएनएस को बताया, "इन दिनों मनीषा योग और ध्यान का अभ्यास कर रही हैं। नेपाल से खासतौर पर योग गुरु उन्हें प्रशिक्षण देने आए हैं। वह शारीरिक रूप से बिल्कुल ठीक हो चुकी हैं और नई फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले मानसिक रूप से खुद को तैयार कर लेना चाहती हैं। वह नवंबर में फिर से काम पर लौटेंगी।"

मनीषा के स्वास्थ्य के बारे बताते हुए घोष ने कहा, "कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल में उनके स्वास्थ्य की जांच लगातार जारी है। वह अब बिल्कुल चंगी हैं और कैंसर पूरी तरह ठीक हो चुका है।"

न्यूयार्क में छह महीने तक चले गर्भाशय के कैंसर के इलाज के बाद मनीषा पूरी तरह ठीक होकर जून में भारत लौट आई हैं।

खबर है कि देश लौटने के बाद उनके पास फिल्मों के प्रस्तावों की बाढ़ आ गई है।

घोष ने कहा, "हां उन्हें काफी सारे प्रस्ताव मिल रहे हैं, लेकिन वह काम नवंबर में शुरू करेंगी।"

मनीषा ने 'बॉम्बे', '1942 : ए लव स्टोरी' और 'दिल से' जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया है।

End of content

No more pages to load