जीवनी आधारित कोई फिल्म नहीं बना रहा : रामपाल

जीवनी आधारित कोई फिल्म नहीं बना रहा : रामपाल
अभिनेता अर्जुन रामपाल ने इस बात से इंकार किया है कि वह अपने चैसिंग गणेशा फिल्म्स के बैनर तले जीवनी आधारित फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में उनकी ऐसी कोई योजना नहीं है। रामपाल ने आईएएनएस को बताया, "मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगा कि यह कुछ भी सच नहीं है। मेरे बारे में यह झूठ कहा जा रह है कि मेरे पास जीवनी आधारित फिल्मों की पटकथा है।"

रामपाल अपने बैनर की फिल्म 'आई सी यू' के निर्माता थे जिसमें उन्होंने अभिनय किया था लेकिन यह फिल्म दर्शकों पर अपना जादू नहीं चला सकी। अर्जुन अच्छा समूह मिलने पर फिल्म निर्माण व्यवसाय में फिर से काम करेंगे।

उन्होंने कहा, "मैं फिल्म निर्माण करना पसंद करूंगा। मेरे पास दो-तीन पटकथाएं हैं जो तैयार हैं। अगर आप एक अच्छी फिल्म बनाना चाहते हैं तो आपके पास अच्छा समूह और अच्छी कहानी होनी चाहिए। जब मैं फिल्म निर्माण करता हूं तो मैं निश्चिंत होना चाहता हूं कि मेरा समूह अच्छा हो।"

अपने द्वारा बनाई फिल्मों में अर्जुन अभिनय भी करें, यह अब जरूरी नहीं है।

'रॉक-ऑन' में अपने किरदार के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित 40 वर्षीय अर्जुन की पत्नी उनके प्रोडक्शन हाउस में उनका सहयोग करती हैं।

अपनी पत्नी की तारीफ करते हुए अर्जुन ने कहा, "जब वह सेट पर होती हैं, हर कोई उन्हें पसंद करता है। वह सबका ख्याल रखती हैं।"

End of content

No more pages to load