श्रीदेवी की जन्मदिन पार्टी में सितारों की जमघट

श्रीदेवी की जन्मदिन पार्टी में सितारों की जमघट
फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी के 50वें जन्मदिन पर उनके फिल्म निर्माता पति बोनी कपूर ने शानदार दावत दी, जिसमें फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियों ने हिस्सा लिया। शिल्पा शेट्टी, सुष्मिता सेन और ऋषि कपूर जैसे लोग इनमें खास थे। शनिवार रात हुई जन्मदिन पार्टी में बॉलीवुड की तमाम हस्तियां श्रीदेवी को बधाई देने पहुंची। श्रीदेवी 13 अगस्त को 50 की हो गईं। बधाई देने वालों में निर्देशक जोड़ी अब्बास और मुस्तान, निर्माता बंटी वालिया, रमेश तौरानी, गिरीश तौरानी, मधुर भंडारकर और राजकुमार संतोषी के साथ-साथ संगीतकार अनु मलिक और बप्पी लाहिड़ी भी शामिल थे।

पार्टी में ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी अपनी बेटी एशा और दामाद भरत तख्तानी के साथ नजर आईं, तो जूही चावला अपने पति जय मेहता के साथ दिखीं।

श्रीदेवी के साथ 'नगीना' और 'चांदनी' जैसी फिल्मों में काम कर चुके ऋषि कपूर के साथ-साथ मनोज वाजपेई और विनोद खन्ना पार्टी में मौजूद थे, वहीं 'लम्हे' में श्री के साथ काम कर चुके अनुपम खेर भी उन्हें बधाई देने पहुंचे।

'मिस्टर इंडिया' जैसी फिल्मों में श्रीदेवी के साथ अभिनय कर चुके उनके देवर अनिल कपूर अपनी पत्नी सुनीता के साथ वहां मौजूद रहे।

श्री देवी पिछले साल 'इंग्लिश विंग्लिश' से बड़े पर्दे पर अपनी वापसी से सुर्खियों आईं थीं। फिल्म में उनके काम को काफी सराहा गया था। बोनी कपूर से शादी करने के बाद 1996 से उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली थी। उन्होंने 'सदमा', 'मिस्टर इंडिया', 'चालबाज', 'जुदाई' जैसी सफल फिल्मों में काम किया है।

End of content

No more pages to load