'वेलकम बैक' के लिए फिरोज के विकल्प की तलाश

'वेलकम बैक' के लिए फिरोज के विकल्प की तलाश
आने वाली फिल्म 'वेलकम बैक' में अभिनेता जॉन अब्राहम और अभिनेत्री श्रुति हासन मुख्य भूमिकाओं में होंगे। फिल्म 2007 में आई 'वेलकम' का अगला संस्करण है। फिल्म के निर्देशक अनीस बज्मी इस समय पहली फिल्म में अभिनेता फिरोज खान द्वारा निभाए गए चरित्र के लिए कलाकार की तलाश में हैं। बज्मी ने सोमवार को 'वेलकम बैक' की विशेष झलकी जारी की। उन्होंने कहा, "हम अब तक यह तय नहीं कर पाए हैं कि फिरोज खान साहब वाली भूमिका में किसे लिया लिया जाए।"

फिरोज खान ने 'वेलकम' में डॉन रणवीर धनराज जाका (आरडीएक्स) का किरदार निभाया था। फिल्म में यह छोटा लेकिन महत्वपूर्ण किरदार था। हालांकि बज्मी ने खुलासा किया है कि आने वाली फिल्म में आरडीएक्स की भूमिका बड़ी और महत्वपूर्ण होगी।

बज्मी ने कहा, "पिछली फिल्म में आरडीएक्स का किरदार छोटा सा था, लेकिन फिरोज खान साहब की प्रस्तुति ऐसी थी कि वह किरदार काफी महत्वपूर्ण बन गया था। पर इस बार फिल्म में आरडीएक्स की भूमिका बड़ी है।"

खबर है कि फिरोज खान वाली आरडीएक्स की भूमिका के लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन से संपर्क किया जा सकता है।

जॉन, अक्षय कुमार वाले किरदार में होंगे जबकि कैटरीना कैफ वाला किरदार श्रुति हासन निभाएंगी। अभिनेता नाना पाटेकर और अनिल कपूर अपनी पहले वाली भूमिकाओं में दिखाई देंगे, जबकि परेश रावल भी महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे।

End of content

No more pages to load