क्या सच में इरफ़ान और नवाज़ के बीच सब ठीक है?

क्या सच में इरफ़ान और नवाज़ के बीच सब ठीक है?
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी 'द लंचबॉक्स' के सह-अभिनेता इरफान के साथ चल रहे उनके शीतयुद्ध की अफवाह से खफा हैं। वह कहते हैं कि वह अपने 'वरिष्ठ' से लड़ने की सोच भी नहीं सकते। नवाजुद्दीन ने आईएएनएस से कहा, "मुझे समझ नहीं आता है कि ऐसी अफवाहें आती कहां से हैं। मैं बेहद निराश हूं। इरफान मुझसे वरिष्ठ हैं। वह मुझसे 10 साल वरिष्ठ हैं। मैं उनसे किसी भी कारण से लड़ने की बात सोच तक नहीं सकता।"

आगे उन्होंने कहा, "मैंने उनसे बहुत अधिक सीखा है और ऐसी अफवाहें सिर्फ हमारे रिश्ते को प्रभावित करेंगी। मैं उनका बड़ा सम्मान करता हूं।"

एक खबर में कहा गया था कि हाल में 'द लंचबॉक्स' के निर्माताओं द्वारा इरफान से अंतर्राष्ट्रीय विपणन अभियान की निगरानी के लिए पूछ जाने पर दोनों अभिनेताओं के बीच अनबन हुई थी। खबर में कहा गया कि नवाजुद्दीन को लगता है कि वह लोकप्रिय हैं और बहुत अच्छी तरह से अपनी साख के साथ फिल्म को बेच सकते हैं।

नवाजुद्दीन ने इसका खंडन किया है।

उन्होंने कहा, "मैं इसका यकीन नहीं करता हूं। इरफान भारत में ही नहीं अपितु अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी लोकप्रिय हैं। इसीलिए, इस पर कोई लड़ाई नहीं है।"

'द लंचबॉक्स' भारत में 20 सितंबर को रिलीज हो रही है।

End of content

No more pages to load