सैफ के साथ काम करना मजेदार रहा : इलियाना

सैफ के साथ काम करना मजेदार रहा : इलियाना
अभिनेत्री इलियाना डीक्रूज कहती हैं कि फिल्म 'हैप्पी एंडिंग' में अभिनेता सैफ अली खान के साथ काम करने का अनुभव काफी मजेदार रहा। इलियाना ने फिल्म 'बर्फी' से हिंदी फिल्मों में कदम रखा था। राज निदिमोरु और कृष्णा डीके निर्देशित 'हैप्पी एंडिंग' में इलियाना और सैफ मुख्य भूमिका में हैं।

इलियाना ने एक समूह साक्षात्कार में कहा, "मैं सैफ के साथ काम कर रही हूं, पर ये योजनाबद्ध तरीके से लिया गया निर्णय नहीं है। यह बस संयोग की बात है। मैंने फिल्म की कहानी पढ़ी और वह मुझे अच्छी लगी। मैंने फिल्म के सेट पर सफ के साथ काफी मजे किए। उनके साथ काम करना सचमुच कमाल का अनुभव रहा।"

उन्होंने कहा, "शूटिंग में ऐसा लगता ही नहीं था कि मैं काम कर रही हूं। मजे-मजे में शूटिंग पूरी हो जाती थी।"

हिंदी फिल्मों में आने से पहले इलियाना दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम कर रही थीं, लेकिन 'बर्फी' के बाद से उन्होंने दक्षिण की एक भी फिल्म के लिए अनुबंध नहीं किया है।

इलियाना की अगली हिंदी फिल्म 'फटा पोस्टर निकला हीरो' जल्द ही आने वाली है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म एक हास्य प्रधान फिल्म है और अभिनेता शाहिद कपूर फिल्म में उनके सहकलाकार हैं।

End of content

No more pages to load