अनुपम ने कहा, '24' की खूब होगी नकल

अनुपम ने कहा, '24' की खूब होगी नकल
विदेशी टीवी कार्यक्रम के भारतीय रूपांतरण '24' में अतिथि भूमिका निभा रहे अनुभवी अभिनेता अनुपम खेर को यकीन है कि यह कार्यक्रम सफल रहेगा और अगले साल इसी तरह के कई अन्य कार्यक्रम भी बनेंगे। गुरुवार को शो के प्रसारण के संबंध में घोषणा करते हुए 58 वर्षीय अनुपम ने कहा, "मुझे '24' को करने में मजा आया और आप सभी को भी देखने पर मजा आएगा। अगले साल इस कार्यक्रम की बहुत सारी नकल होंगी, लेकिन कलर्स चैनल और अनिल कपूर एवं '24' से जुड़ा हर कोई कहने में समर्थ होगा कि 'हमने शुरुआत कर दी है।"

'24' में अनिल कपूर मुख्य भूमिका में हैं। वह भारत की आतंकवाद-विरोधी इकाई के प्रमुख, जयसिंह राठौड़ का किरदार निभा रहे हैं।

शो चार अक्टूबर से कलर्स चैनल पर प्रसारित होगा। यह 12 सप्ताह तक प्रत्येक शुक्रवार और शनिवार को रात 10 बजे प्रसारित होगा।

अनुपम का मानना है कि '24' दर्शकों की संवेदनशीलता की कद्र करता है।

उन्होंने कहा, "यह कार्यक्रम दर्शकों की संवेदनाओं का सम्मान करता है। यह पेशेवर स्तर पर बना है और फिल्म की तरह फिल्माया गया है। इसमें हर किसी ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है।"

'24' में अभिनेत्री शबाना आजमी भी अतिथि भूमिका में हैं। इसके अलावा इसमें टिस्का चोपड़ा और मंदिरा बेदी ने भी अभिनय किया है।

End of content

No more pages to load