हैदर के दृष्टिकोण से प्रभावित हुए शरमन

हैदर के दृष्टिकोण से प्रभावित हुए शरमन
अभिनेता शरमन जोशी अपनी आने वाली फिल्म 'वार छोड़ न यार' के निर्देशक फराज हैदर के दृष्टिकोण और फिल्म के लिए उनकी कड़ी मेहनत को देखकर बेहद प्रभावित हैं। नवोदित निर्देशक हैदर की तारीफ करते हुए शरमन ने कहा कि उन्होंने बड़ी खूबसूरत फिल्म बनाई है। शरमन ने एक साक्षात्कार में कहा, "फिल्म की शूटिंग के दौरान हैदर इस तरह दृश्यों का और फिल्म का निर्देशन कर रहे थे जैसे वह एक बेहद अनुभवी निर्देशक हैं और 10 फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। यहां तक कि मैंने उनसे पूछ भी लिया कि कैसे आप इतनी सहजता से अपनी पहली फिल्म का निर्देशन संभाल पा रहे हैं। उन्होंने कहा, मैंने इस फिल्म की कहानी लिखने में दो सालों का समय लगाया है और उस दौरान ही मैंने पूरी फिल्म की कल्पना भी कर ली थी।"

शरमन ने कहा, "मेरे अनुसार हैदर के वे दो साल जिनमें उन्होंने फिल्म के लिए कड़ी मेहनत की 10 सालों के बराबर हैं। और इसलिए ही वह इतनी खूबसूरत फिल्म बना पाने में सफल रहे हैं।"

स्वतंत्र निर्देशक के रूप में कदम रखने से पहले हैदर फिल्म 'ओए लकी लकी ओए' में फिल्मकार दिबाकर बनर्जी के सहायक निर्देशक रह चुके हैं।

उनकी फिल्म 'वार छोड़ न यार' देश की पहली युद्ध आधारित हास्य फिल्म है। फिल्म में जावेद जाफरी, सोहा अली खान, संजय मिश्रा, मुकुल देव और दलीप ताहिल ने भी काम किया है।

फिल्म 11 अक्टूबर को प्रदर्शित हो रही है।

End of content

No more pages to load