'विलेन' के लिए उत्साहित हैं सिद्धार्थ

'विलेन' के लिए उत्साहित हैं सिद्धार्थ
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा ने हाल ही में करन जौहर के निर्माण में बन रही फिल्म 'हंसी तो फंसी' की शूटिंग पूरी की है। अब वह मोहित सूरी की फिल्म 'द विलेन' में अपने नकारात्मक किरदार को लेकर बेहद उत्साहित हैं। सिद्धार्थ (28) ने एक साक्षात्कार में कहा, "हमने पिछले सप्ताह ही फिल्म की शूटिंग पूरी की है, 'हंसी तो फंसी' पूरी हो चुकी है। अब मैं लोगों को रुलाने और गुस्सा दिलाने के लिए तैयार हूं और जल्द ही 'द विलेन' की शूटिंग शुरू करूंगा।"

विनिल मैथ्यू निर्देशित 'हंसी तो फंसी' में अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा, सिद्धार्थ की सह-कलाकार हैं। फिल्म अगले साल सात फरवरी को प्रदर्शित होगी।

सिद्धार्थ को यकीन है कि मोहित सूरी उनसे बुरे व्यक्ति का अभिनय बेहतर तरीके से करवा पाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं नए तरह का किरदार निभाने वाला हूं। हम अगले सप्ताह से फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे, फिल्म में मेरा रंग रूप भी काफी अलग होगा। मोहित सूरी के साथ काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। वह मेरे अंदर के बुरे इंसान को बाहर निकालने के लिए बेहद सही निर्देशक हैं।"

सिद्धार्थ ने फिल्म 'स्टूडेंड ऑफ द ईयर' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।

'द विलेन' एकता कपूर के निर्माण में बन रही है। अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रितेश देखमुख फिल्म के अन्य कलाकार हैं।

End of content

No more pages to load