कोलकाता से शुरू होगा रहमान का संगीत दौरा

कोलकाता से शुरू होगा रहमान का संगीत दौरा
आने वाला मंगलवार कोलकाता के लिए खास होने वाला है। संगीतकार ए. आर. रहमान अपने संगीत दौरे 'रहमानिश्क' का आगाज एक अक्टूबर से कोलकाता में कर रहे हैं। महीनों पहले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उद्घाटन समारोह में शाहरुख खान, कैटरीना कैफ और दीपिका पादुकोण जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने भी शहर में जलवा बिखेरा था।

कला प्रौद्योगिकी के अनोखे संगीत अनुभव के रूप में देखा जा रहा भव्य संगीत कार्यक्रम साल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में रहमान द्वारा फिल्म 'जोधा अकबर', 'स्लमडॉग मिलियनेयर', 'लगान', 'जब तक है जान', 'जाने तू या जाने ना', 'दिल से', 'रंग दे बसंती', 'रॉकस्टार' और 'बॉम्बे' में दिए गए संगीत से श्रोता नए अंदाज में रू-ब-रू होंगे।

तीन घंटे के इस कार्यक्रम में जावेद अली, सुखविंदर सिंह, और नीति मोहन जैसे 20 पेशेवर गायक भी रहमान के साथ मंच साझा करेंगे। इसके अलावा 11 संगीतकार और नर्तक अपने हुनर के साथ गायकों की प्रस्तुति की शोभा बढ़ाएंगे।

रहमान ने कहा, "मैंने सोचा अपने प्रशंसकों से मिलने और रू-ब-रू होने का यह एक अच्छा अवसर होगा। अपने प्रशंसकों के समक्ष लाइव प्रस्तुति देने से अच्छा और कोई अनुभव नहीं हो सकता।"

एक महीने तक चलने वाला संगीत दौरा कोलकाता से शुरू होकर विशाखापटनम और जयपुर होते हुए अहमदाबाद में संपन्न होगा।

End of content

No more pages to load