बड़े पर्दे के 'मिस्टर इंडिया' अनिल कपूर अब छोटे पर्दे पर भी छाने की तैयारी में हैं। रुमानियत, ड्रामा, एक्शन और राजनीति से परिपूर्ण कलर्स मनोरंजन चैनल पर शुरू होने वाले धारावाहिक '24' में वह दर्शकों की तालियां बटोरने की तैयारी में हैं। 12 हफ्तों तक चलने वाले इस धारावाहिक का प्रचार करने लखनऊ आए अनिल ने होटल ताज में पत्रकारों को बताया कि मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के बाद इस धारावाहिक की नींव रखी गई। इस धारावाहिक की पूरी कहानी एक राजनेता पर आतंकवादी हमले और एटीएस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है।
घटना के बाद 24 घंटों के दौरान अधिकारी खुद और परिवार की जद्दोजहद से कैसे जूझता है और अपनी ड्यूटी को किस तरह अंजाम देता है, दर्शक इस धारावाहिक में यह अनुभव करेंगे। एक प्रश्न के उत्तर में अनिल कपूर ने कहा कि अभी तक लोगों ने बड़े पर्दे के अनिल कपूर को पसंद किया है, लेकिन छोटे पर्दे पर आ रहे धारावाहिक को भी पसंद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बड़े पर्दे पर ढाई से लेकर तीन घंटे के अंदर पूरी कहानी समेटनी होती है, लेकिन यह कहानी पूरे चौबीस घंटे की है और हर धारावाहिक में एक घंटे की कहानी चलेगी, जिसे देख दर्शक भी पात्रों को अपने आस-पास ही पाएंगे। उन्होंने कहा कि वह अभी अपनी बेटी सोनम के साथ कोई फिल्म नहीं कर रहे हैं, लेकिन बाद में तीन फिल्मों पर काम करेंगे।
मुंबई हमले के बाद रखी धारावाहिक '24' की नींव
-
Tuesday, October 01, 2013


