'कॉमेडी नाइट्स..' को नया रूप दे रहे कपिल

'कॉमेडी नाइट्स..' को नया रूप दे रहे कपिल
टीवी शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' का सेट जल जाने के बाद हास्य अभिनेता कपिल शर्मा नए सेट के डिजायन में नए तत्वों को डालने पर काम कर रहे हैं। बता दें हाल में उनके कार्यक्रम के सेट पर आग लग गई थी। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में 32 वर्षीय कपिल ने कहा, "अब हम एक नया सेट बना रहे हैं। मैं नए तत्व डालने की कोशिश कर रहा हूं। हमने इस पर काम शुरू कर दिया है और उम्मीद है कि जल्द यहां शूटिंग शुरू करेंगे।"

कपिल ने यह भी खुलासा किया है कि इस बीच 'बिग बॉस' के सेट पर भी दो-तीन कड़ियों की शूटिंग करेंगे।

उन्होंने कहा, "हम कोशिश कर रहे हैं कि कार्यक्रम में कोई रुकावट न आए। हम 'बिग बॉस' के सेट पर शूटिंग करने की योजना बना रहे हैं, चूंकि इतने बड़े सेट को इतनी जल्दी दोबारा खड़ा करना आसान नहीं है।"

कार्यक्रम का सेट 25 सितंबर को आग की चपेट में आकर पूरी तरह खाक हो गया था।

कपिल ने कहा, "हम जल्द लौटेंगे। जो हमसे प्यार करते हैं, वे कह रहे हैं कि 'आप बेशक इसे सड़क पर भी करें, तब भी हम इसे देखेंगे।"

End of content

No more pages to load