कल्पना लाजमी की भूमिका निभा सकती हैं पूजा भट्ट

कल्पना लाजमी की भूमिका निभा सकती हैं पूजा भट्ट
प्रख्यात असमिया गायक भूपेन हजारिका के जीवन पर आधारित फिल्म में अभिनेत्री व निर्मात्री पूजा भट्ट फिल्मकार कल्पना लाजमी की भूमिका निभा सकती हैं। पूजा फिल्म का निर्माण भी कर रही हैं। हजारिका व लाजमी के बीच 40 साल का प्रगाढ़ रिश्ता रहा है।

'धुमुहा : द स्टॉर्म' नाम से इस फिल्म का लेखन लाजमी व पूजा के फिल्मकार पिता महेश भट्ट संयुक्त रूप से कर रहे हैं। लाजमी फिल्म का निर्देशन करेंगी।

इस संबंध में बात करते हुए पूजा ने आईएएनएस को बताया, "कल्पना लाजमी ने मुझे फिल्म में उनकी भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया है। मैं इस प्रस्ताव को पाकर बहुत खुश हूं। यदि मैं यह भूमिका करती हूं तो मुझे फिर व्यायाम कर अपने शरीर को सही आकार में लाना होगा। इस समय फिल्म की पटकथा लिखी जा रही है।"

जब उनसे पूछा गया कि फिल्म में हजारिका का किरदार कौन करेगा, तो इस पर उन्होंने कहा, "हमें सही अभिनेता चुनने में थोड़ा संघर्ष करना पड़ेगा।"

हजारिका एक कवि, संगीतकार, गायक, अभिनेता, पत्रकार, लेखक व फिल्मकार थे। वह असम फिल्मोद्योग के अग्रदूतों में से एक थे और पूर्वोत्तर संस्कृति के बेताज बादशाह थे।

हजारिका का 2011 में निधन हो गया था। उस वक्त वह 85 साल के थे।

End of content

No more pages to load