अदनान सामी भारत छोड़ो : मनसे

अदनान सामी भारत छोड़ो : मनसे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने इंगलैंड में जन्मे भारतीय-पाकिस्तानी मूल के गायक अदनान सामी को तुरंत भारत छोड़ने के लिए कहा है, क्योंकि उनकी वीजा अवधि खत्म हो गई है।

मनसे फिल्म प्रकोष्ठ के प्रमुख अमेय खोपकर ने 44 वर्षीय सामी को शनिवार को दोपहर बाद पार्टी कार्यालय में बुलाकर उनसे एक घंटा से अधिक समय तक बातचीत की।

बातचीत के तुरंत बाद खोपकर ने आईएएनएस को बताया, "कई लोगों की यह शिकायत मिलने के बाद कि सामी के वीजा की वैधता छह अक्टूबर को खत्म हो गई है और वह अवैध रूप से भारत में रह रहे हैं, हमने उन्हें बुलाया।"

सामी ने बातचीत के दौरान खोपकर से कहा कि उनके वीजा के नवीकरण की प्रक्रिया अभी चल रही है।

खोपकर ने कहा, "हमें उम्मीद है कि सामी जल्द ही भारत छोड़ देंगे और वीजा का नवीकरण हो जाने के बाद ही यहां लौटेंगे।"

सामी के वीजा की वैधता खत्म होने की बात उस वक्त सामने आई जब उनकी पूर्व दूसरी पत्नी सबा गालादरी के खिलाफ तलाक सह संपत्ति संबंधी मुकदमे की सुनवाई पिछले हफ्ते मुंबई की अदालत में चल रही थी।

सामी पिछले 14 वर्षो से भारत में रह रहे हैं और काम कर रहे हैं। उन्होंने अदालत को बताया है कि वह अपने वीजा का नवीकरण नियमित रूप से कराते रहे हैं, पिछला नवीकरण 26 सितंबर 2012 से इस वर्ष 6 अक्टूबर तक की अवधि के लिए हुआ था।

अदानान सामी का जन्म 1969 में लंदन में हुआ था। पूर्व पाकिस्तानी राजनयिक अरशद सामी खान उनके पिता थे और भारत की नौरीन खान उनकी मां हैं। उन्होंने अदालत को बताया कि उनके वीजा के नवीकरण की प्रक्रिया चल रही है।

सामी ने बॉलीवुड की फिल्मों में पाश्र्व गायन के अलावा अंग्रेजी और हिंदी में कई अलबम बनाए हैं, जिनमें उन्होंने गाया है और धुनें भी बनाई हैं।

End of content

No more pages to load