अदनान सामी की वीजा अवधि बढ़ी

अदनान सामी की वीजा अवधि बढ़ी
तमाम अटकलों के विपरीत इंग्लैंड में जन्मे पाकिस्तानी गायक अदनान सामी की वीजा अवधि को 11 दिन पहले ही, छह अक्टूबर के बाद से तीन महीने के लिए बढ़ाया जा चुका है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सामी ने यह जानकारी मिलने पर कहा कि वह बेहद खुश हैं। मुंबई पुलिस को गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा सामी की वीजा अवधि बढ़ने की सूचना मिली।

इससे पहले कुछ राजनीतिक दलों का आरोप था कि सामी अवैध रूप से भारत में रह रहे हैं, लेकिन गृह मंत्रालय द्वारा प्राप्त सूचना के अनुसार ऐसा नहीं है।

इससे पहले मुंबई पुलिस ने मंगलवार को सामी को नोटिस देकर उनसे वीजा अवधि समाप्त हो जाने के बावजूद भारत में रुके रहने का कारण पूछा था।

सामी का पिछला वीजा छह अक्टूबर तक के लिए मान्य था, और सामी ने 14 सितंबर को वीजा अवधि बढ़ाए जाने के लिए आवेदन दिया था।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने हालांकि सामी से तुरंत देश छोड़कर चले जाने, और बीजा के नवीकरण के बाद ही वापस आने के लिए कहा था, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने सामी के निर्वासन की मांग की थी।

End of content

No more pages to load