भाई ने किया सोनाक्षी का बचाव

भाई ने किया सोनाक्षी का बचाव
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को आए दिन उनके बढ़े हुए वजन के लिए आलोचनाएं झेलनी पड़ती हैं, लेकिन उनके अभिनेता भाई लव सिन्हा का सवाल है कि ऐसे और लोग क्यों नजरअंदाज किए जा रहे हैं। लव ने आईएएनएस से कहा, "सोनाक्षी मेहनती लड़की है। फिल्म जगत में चंद लोगों के बारे में ही क्यों बातें होती हैं और उन लोगों को क्यों नजरअंदाज किया जाता है जो कि अपेक्षाकृत ज्यादा मोटे हैं।"

इस अभिनेता को नहीं लगता है कि बढ़े वजन में कोई दोष है।

लव ने कहा, "क्या यह जरूरी है कि हर इंसान दुबला हो या दुबला होने के लिए सेट पर बेहोश होकर गिरना शुरू कर दे? मैं विभिन्न शारीरिक संरचनाओं में मौजूद खूबसूरती की प्रशंसा करता हूं। अन्य अभिनेत्रियों की तुलना में सोनाक्षी दुबली है। वह जैसी है दर्शक उसे उसी रूप में स्वीकारते और पसंद करते हैं।"

लव ने फिल्म 'सदिया'ं से अपने सिनेमाई करियर की शुरुआत की। वह अब उमेश शुक्ला की फिल्म में अभिनय करेंगे।

सोनाक्षी 'दबंग' की श्रंखला वाली फिल्में और 'सन ऑफ सरदार' सरीखी फिल्में कर चुकी हैं। फिलहाल वह अपनी अगली फिल्म 'आर..राजकुमार' के लिए तैयारी कर रही हैं।

End of content

No more pages to load