फिल्म 'गुंडे' की पहली झलक (ट्रीजर) में अभिनेता अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह तो दिखते हैं, लेकिन प्रमुख महिला नायिका प्रियंका चोपड़ा गायब हैं। अर्जुन स्वीकार करते हैं कि ट्रीजर में उनकी कमी खलती है। उनका कहना है कि यह प्रचार रणनीति का हिस्सा है। यह फिल्म यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) के बैनर तले बनी है।
रविवार को ब्लेंडर्स प्राइड फैशन टूर में डिजाइनर जे.जे. वालिया के लिए रैंप पर चले 28 वर्षीय अभिनेता अर्जुन ने कहा, "मुझे भी प्रियंका चोपड़ा की कमी खल रही है। यह प्रचार रणनीति है जिसे यशराज फिल्म्स ने डिजाइन किया है। इस पर मेरा टिप्पणी करना गलत होगा।"
इस बीच, अभिनेता ने आशा जताई है कि दर्शकों को जितनी फिल्म की पहली झलक पसंद आई है उतनी ही फिल्म भी अच्छी लगेगी।
अर्जुन ने कहा, "ट्रीजर को मिली प्रतिक्रिया बेहद बढ़िया है। इसलिए मैं प्रार्थना करता हूं और आशा करता हूं कि लोग जल्द प्रदर्शित होने वाले गानों और अन्य ट्रेलरों में हमारे काम को पसंद करेंगे और फिल्म को भी।"
अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी 'गुंडे' 14 फरवरी को प्रदर्शित होने के लिए तैयार है।
'गुंडे' में अर्जुन को खलती प्रियंका की कमी
-
Tuesday, November 26, 2013


