लखनऊ में 'डेढ़ इश्किया' का प्रीमियर रद्द

लखनऊ में 'डेढ़ इश्किया' का प्रीमियर रद्द
राजधानी लखनऊ में फिल्म 'डेढ़ इश्किया' का प्रीमियर शो रद्द हो गया है। इसमें मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ शामिल होना था। राजधानी के वेव मल्टीप्लेक्स में शुक्रवार अपराह्न् 3 बजे 'डेढ़ इश्किया' का प्रीमियर रखा गया था। इसमें फिल्म में प्रमुख भूमिका निभा रहीं माधुरी दीक्षित संग मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल होने वाले थे।

माना जा रहा है कि स्थानीय समाचार चैनलों पर लगातार सैफई महोत्सव के बाबत खबर प्रसारित किए जाने के चलते मुख्यमंत्री ने प्रीमियर में शिरकत करने से मना कर दिया। इसके बाद प्रीमियर ही रद्द कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दलों और मीडिया की आलोचना से बचने के लिए मुख्यमंत्री की तरफ से यह निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार 'डेढ़ इश्किया' को एक करोड़ रुपये का अनुदान देने का ऐलान कर चुकी है।

माधुरी दीक्षित ने बुधवार रात मुख्यमंत्री अखिलेश के पैतृक गांव सैफई में आयोजित सैफई महोत्सव के समापन समारोह में प्रस्तुति दी थी।

End of content

No more pages to load