मां पर किताब लिखेंगी मुनमुन सेन

मां पर किताब लिखेंगी मुनमुन सेन
अभिनेत्री मुनमुन सेन अपनी दिवंगत मां और बांग्ला सिनेमा की महानायिका सुचित्रा सेन पर एक किताब लिखने की सोच रही हैं। इस किताब में मगर उनके निजी जीवन का विवरण नहीं होगा।

मुनमुन ने कहा, "मां मुझसे कुछ और फिल्में करने और लिखने का आग्रह करती रहीं। मुझे लगता है कि अब मैं दोबारा लिखूंगी। यह संभवत: मेरी मां के बारे में एक कॉफी टेबल किताब होगी।"

उन्होंने कहा, "मैंने उनसे वादा किया था कि मैं कभी उनके जीवन के बारे में नहीं लिखूंगी। इसलिए उनकी निजी जिंदगी से इतर उन पर एक कॉफी टेबल किताब लिखना मेरे लिए बहुत आसान होगा।"

अपने जमाने की लोकप्रिय अभिनेत्री सुचित्रा का 17 जनवरी को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वह 82 वर्ष की थीं।

उनकी बेटी के लिए उनके चले जाने की कल्पना करना मुश्किल है।

उन्हें क्या पसंद था? इस सवाल पर मुनमुन ने बताया, "वह ज्यादा फरमाइशी नहीं थीं। वह मेरे करीब थीं, लेकिन वह जानती थीं कि मुझे मेरे जीवन में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने अकेले रहना पसंद किया। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह लोगों से मिलना-जुलना पसंद नहीं करती थीं। उन्हें दिलचस्प लोगों से मुलाकात करना पसंद था।"

अपने 26 वर्षो के करियर में सुचित्रा ने 52 बांग्ला और सात हिंदी फिल्मों में अभिनय किया। वह बंगाली सिनेमा की सबसे बड़ी सितारा थीं।

मुनमुन भी अपने मां के पदचिह्नें पर चलीं और अभिनेत्री बनीं। अभिनेत्री राइमा और रिया सेन उनकी ही बेटियां हैं।

मुनमुन ने कहा, "मुझे लगता है कि मेरी मां की ऐतिहासिक विरासत को मेरी बेटी राइमा और उनकी आध्यात्मिक विरासत को रिया आगे ले जा सकती है।"

उन्होंने कहा, "मां के अंतिम दिनों के दौरान रिया ने उनके दर्द में शुरू से लेकर अंत तक उनका हाथ थामे रखा और उन्हें हिम्मत दी। मेरी मां कहा करती थीं कि रिया में महान अभिनेत्री बनने के गुण हैं।"

End of content

No more pages to load