भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने मंगलवार को चंडीगढ़ में अभिनेत्री किरण खेर को काले झंडे दिखाए और उनके काफिले पर अंडे फेंके। किरण लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार कार्यक्रम में भाग लेने चंडीगढ़ आई थीं। किरण मंगलवार को जैसे ही विमान से मुंबई से चंडीगढ़ पहुंचीं, उन्हें बाहरी मानने वाले कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाए। विरोधी कार्यकर्ताओं ने किरण को यहां भाजपा के कार्यालय पहुंचने से रोकने का भी प्रयास किया।
कार्यकर्ताओं ने एक वाहन पर अंडे भी फेंके, जिसमें किरण के पति अभिनेता अनुपम खेर सवार थे।
किरण हालांकि इस घटना से घबराई नहीं हैं और अपने इरादों पर अटल हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मैं चंडीगढ़ की बेटी हूं। मैं यहां पैदा हुई हूं, पली बढ़ी हूं, यहां रही हूं। जो लोग मेरा विरोध कर रहे हैं, वह भी भाजपा परिवार के ही लोग हैं। हम उनको प्यार से समझा-बुझाकर शांत करेंगे।"
चंडीगढ़ से पूर्व सांसद और भाजपा नेता सत्यपाल जैन इस दौरान किरण के साथ थे। चंडीगढ़ से खुद भी लोकसभा चुनाव के मजबूत उम्मीदवार रहे जैन 1996 और 1998 में यहां से सांसद निर्वाचित हो चुके हैं। 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
किरण खेर को दिखाए काले झंडे
-
Wednesday, March 19, 2014


