​शाहरुख के साथ काम करना चाहते हैं पिटबुल

​शाहरुख के साथ काम करना चाहते हैं पिटबुल
अमेरिकी रैपर पिटबुल शाहरुख खान के साथ काम करना चाहते हैं। पिछले साल पिटबुल ने कोलकाता में इंडियन प्रीमियर लीग के उद्धघाटन समारोह में अभिनेता शाहरुख खान के साथ मंच सांझा किया था और यहां तक कि शाहरुख ने उन्हें बॉलीवुड शैली के दो चार नृत्य भी सिखाए थे।

पिटबुल ने उन पलों को याद करते हुए एक कहा है कि आईपीएल के समय भारत यात्रा के दौरान कमाल का अनुभव रहा। लोगों का प्यार और लगाव भावुक कर देने वाला था। भारत के लोग गर्मजोशी से मिलते हैं। मुझे ढेर सारे दर्शकों के सामने कार्यक्रम पेश करके अच्छा लगा।

पिटबुल ने उस दौरान अभिनेता शाहरुख खान के साथ मंच सांझा किया था और उनका कहना है कि वह शाहरुख के साथ किसी दिन काम करना चाहते हैं। पिटबुल ने कहा कि मैंने कुछ बॉलीवुड नृत्य सीखे हैं, जिसके लिए शाहरुख का शुक्रिया। वह कमाल के प्रस्तोता हैं, ऊर्जा से भरपूर हैं। फिलहाल तो ऐसा कुछ नहीं है, लेकिन मैं निश्चित तौर पर भविष्य में उनके साथ काम करना चाहूंगा।

अगर पिटबुल शाहरुख के साथ अनुबंध करते हैं​, तो किसी बॉलीवुड हस्ती के साथ काम करने का यह उनका दूसरा मौका होगा। इससे पहले वह 2013 में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ उनके गीत ​'​एक्जोटिक​'​ में काम कर चुके हैं।

पिटबुल ने हालांकि एक ही बार प्रियंका के साथ काम किया है​,​ लेकिन वह उनकी प्रशंसा करते नहीं थकते। जेनिफर लोपेज​,​ क्रिस्टीना एग्युलेरा और केशा जैसी गायिकाओं के साथ काम कर चुके पिटबुल कहते हैं कि अलग​-​अलग कलाकारों के साथ काम करना उन्हें अच्छा लगता है।

End of content

No more pages to load