​'​खूबसूरत​'​ ऋषिकेश मुखर्जी को श्रद्धांजलि​: ​सोनम

​'​खूबसूरत​'​ ऋषिकेश मुखर्जी को श्रद्धांजलि​: ​सोनम
अभिनेत्री सोनम कपूर कहती हैं कि उनकी हालिया प्रदर्शित फिल्म ​'​खूबसूरत​'​ दिवंगत फिल्मकार ऋषिकेश मुखर्जी को श्रद्धांजलि है। सोनम की ​'​खूबसूरत​'​ निर्देशक ऋषिकेश मुखर्जी की 1980 में आई मूल फिल्म ​'​खूबसूरत​'​ की रीमेक है।​​​

​ सोनम ने एक साक्षात्कार में कहा​,​ ​"​हमारी फिल्म ​'​खूबसूरत​'​ ऋषिकेश मुखर्जी को सप्रेम समर्पित है।​"​ बीते शुक्रवार प्रदर्शित हुई फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान सोनम के साथ मुख्य भूमिका में हैं।​​​

​ फवाद से यह पूछे जाने पर कि खूबसूरत का हीरो बनकर कैसा लग रहा है​,​ उन्होंने कहा​,​ ​"​मुझे नहीं लगता कि मैं फिल्म का हीरो हूं। मेरा मानना है कि निर्माता, निर्देशक और लेखक हर फिल्म के हीरो होते हैं। मैं किसी भी फिल्म की सफलता का श्रेय नहीं ले सकता​,​ इसी तरह फिल्म की नाकामयाबी के लिए भी मुझे दोष मत दीजिएगा। हम सब साथ डूबेंगे और साथ ही पार लगेंगे।​"​​​

सोनम से यह पूछे जाने पर कि आपको लगता है कि यदि ऋषिकेश जीवित होते तो आपकी फिल्म देखकर खुश होते, उन्होंने कहा​, "मैं बेहद घबरा जाती यदि ऋषि दा हमारी फिल्म ​'​खूबसूरत​'​ देखते। उनके लिए यह बेहद अजीब होता।​​​

​ ​​सोनम ने कहा​, "यह ऐसा है, जैसे कोई प्रशंसक अपने आदर्श को खत लिखता है। हमने अपनी फिल्म का नाम उनकी फिल्म के नाम पर रखा। फिल्म में मेरे किरदार का नाम मिलि भी ऋषि दा की एक अन्य फिल्म से लिया गया है और फिल्म में मेरी मां किरण खेर का नाम मंजू ऋषि दा की ​'​खूबसूरत​'​ की नायिका रेखा के किरदार के नाम से लिया गया है।​"​​​

सोनम से उनके निकट भविष्य की योजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ​"​मैं 21 सितंबर से ​'​प्रेम रतन धन पायो​'​ की शूटिंग शुरू कर रही हूं और मेरी बहन रिया ने भी दूसरी फिल्म शुरू कर दी है।​"​

End of content

No more pages to load