दीपिका के लिए कपड़े डिजाइन करना चाहते हैं परवानी

दीपिका के लिए कपड़े डिजाइन करना चाहते हैं परवानी
कराची के रहने वाले फैशन डिजाइनर दीपक परवानी भी दूसरे​ ​पाकिस्तानियों की तरह बॉलीवुड हस्तियों के प्रशंसक हैं।​

​ अभिनेत्री शबाना आजमी और उनके पति गीतकार जावेद अख्तर के लिए कपड़े डिजाइन कर चुके परवानी की ख्वाहिश अब दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर जैसी नई पीढ़ी के लिए डिजाइन करने की है।​

​ परवानी कहते हैं कि उनकी तरह ही पाकिस्तान के दूसरे लोग भी भारतीय व्यंजन, परिधान, गानों, नृत्य और बॉलीवुड को पसंद करते हैं।​

​ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित जीवन​ ​शैली पर आधारित प्रदर्शनी ​'​आलीशान पाकिस्तान​'​ के तहत भारत आए परवानी से यह पूछने पर कि वह किसके लिए कपड़े डिजाइन करना चाहेंगे, उन्होंने आईएएनएस से कहा, "दीपिका (पादुकोण) मेरी पहली पसंद होंगी। वह खूबसूरत हैं और कमाल की शख्सियत हैं। मुझे हमेशा से सांवली सलोनी युवतियां पसंद हैं।"​

​​ परवानी ने कहा, "मुझे नंदिता दास भी पसंद हैं। वह भी कमाल की हैं। वह भारतीय महिलाओं की प्रतीक हैं। पुरुष अभिनेताओं में मैं रणबीर (कपूर) और वरुण धवन के लिए डिजाइन करना चाहूंगा। वे नई पीढ़ी के कलाकार हैं और मैं 25 से 40 की उम्र सीमा के लिए कपड़े डिजाइन करता हूं। वे काफी फैशनेबल भी हैं।"​

​ परवानी ने भले ही 1994 में पुरुषों के परिधानों के साथ फैशन जगत में अपने करियर का आगाज किया था, लेकिन उनका मानना है कि महिलाएं ज्यादा फैशनोन्मुख होती हैं।​

​ परवानी ने कहा, "पुरुष, महिलाओं जितनी खरीददारी नहीं करते। महिलाएं नए चलन और फैशन संग्रह को देखना-जानना पसंद करती हैं और वे ज्यादा फैशनपरस्त होती है। महिलाओं को दिन में, शाम में अलग-अलग परिधान पहनना अच्छा लगता है।"​

​ उन्होंने आगे कहा, "पुरुष एक काली पैंट और शर्ट में ही संतुष्ट रहते हैं। वे पूरी जिंदगी ऐसे ही बिता सकते हैं।" परवानी ने महिला परिधानों का संग्रह 1996 में शुरू किया था।​

​ अपने संग्रह में शुद्ध सिल्क और शिफॉन कपड़ों के इस्तेमाल और कम से कम भव्यता के साथ मिश्रित फैशन के डिजाइनर परिधानों के लिए मशहूर परवानी का कहना है कि पाकिस्तान में फैशन अपने उत्थान के दौर में है।​

End of content

No more pages to load