'हैदर' से अपने अभिनय का लोहा मनवाने के बाद शाहिद कपूर फ़िलहाल अपनी एक और फिल्म 'शानदार' में व्यस्त हैं। वहीं शाहिद कपूर के खाते में एक और फिल्म भी आने जा रही है, और वह भी निर्माता साजिद नाडियावाला की।
कहा जा रहा है कि साजिद नाडियावाला एक ऐतिहासिक प्रेमकहानी का निर्माण करने जा रहे हैं, और इसके लिए वह शाहिद कपूर को कास्ट करने के मूड में हैं। यह फिल्म दक्षिण भारतीय सुपरस्टार राम चरन तेजा और काजल अग्रवाल की सुपरहिट तेलगु फिल्म मगधीरा का रिमेक होगी। जिसमें शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में नजर आयेंगे।
साजिद नाडियाडवाला का इस बारे में कहना है, "फिलहाल इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है पर शाहिद का नाम फिल्म के लिए पक्का है। फिल्म की स्क्रिप्ट पर अप्रैल 2015 से काम शुरू होगा और फिल्म अगले साल के अंत तक फ्लोर पर जाएगी।"
2009 में प्रदर्शित फिल्म 'मगधीरा' 17 वीं शताब्दी की एक ऐतिहासिक प्रेम-कहानी है। फिल्म मगधीरा का अधिकार इससे पहले विकास बहल और अनुराग कश्यप की कंपनी ने खरीदा था, और पहले इसमें ऋतिक रोशन और रणबीर कपूर को लिए जाने की चर्चा थी लेकिन अब यह फिल्म शाहिद के खाते में चली गई है।
अभी तक फिल्म के लिए अभिनेत्री को नहीं चुना गया है।
अब साजिद नाडियावाला की अगली फिल्म में होंगे शाहिद कपूर
-
Monday, November 24, 2014


