ज़ी स्टूडियोज़ और आमदावाद फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म भारतीय सुपरहीरो जॉनर में एक बिल्कुल नया और भावनात्मक रंग जोड़ती नजर आती है। फिल्म एक ऐसी दुनिया में ले जाती है, जहाँ कल्पना, मासूमियत और रहस्य मिलकर एक अनोखा सिनेमाई अनुभव रचते हैं।
हाल ही में जैकी श्रॉफ द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किये गये ट्रेलर में एक बच्चे की कल्पनाओं से भरी दुनिया दिखाई गई है, जहाँ दादा-पोते का रिश्ता एक अलग ही सुपरहीरो वाले सफर में बदल जाता है। लेकिन, इस कहानी में सिर्फ भावनाएँ ही नहीं, बल्कि एलियंस और रहस्यमयी घटनाओं का रोमांच भी शामिल है, जो इसे और भी दिलचस्प बना देता है। देखिये 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो' का मजेदार ट्रेलर:
फिल्म के केंद्र में हैं जैकी श्रॉफ, जो इस बार एक ऐसे किरदार में नजर आएँगे, जो बेहद गर्मजोशी से भरा और उनके अब तक के रोल्स से बिल्कुल अलग है। फिल्म को लेकर जैकी श्रॉफ ने कहा, "द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो के साथ हम हर बच्चे का सपना पूरा कर रहे हैं। यदि आपकी आत्मा जवान रहे और आपकी रीढ़ 90 साल तक मजबूत रहे, तो वही असली सुपरहीरो है। बच्चों के सपने हमेशा सबसे पहले आने चाहिए।"
नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक मनीष सैनी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में प्रतीक स्मिता पाटिल, भाग्यश्री दसानी, शरत सक्सेना, मिहिर गोडबोले, दुर्गेश कुमार, सहर्ष शुक्ला, शिवांश चोरगे और कुमार सौरभ भी अहम् भूमिकाओं में नजर आएँगे।
तो तैयार हो जाइए इस समर एक ऐसे सुपरहीरो से मिलने के लिए, जो सिर्फ दुनिया नहीं, बल्कि दिल भी जीतने आ रहा है। 'द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो; 29 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है।


