चुनौतीपूर्ण रही 'कृष-3' : कंगना

चुनौतीपूर्ण रही 'कृष-3' : कंगना
अभिनेत्री कंगना रनौत कहती हैं कि उनकी आने वाली फिल्म 'कृष-3' में उनका किरदार शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण था। कंगना ने फिल्म में मारधाड़ वाले कई सारे दृश्य फिल्माए हैं। कंगना ने आईएएनएस को बताया, "यह थोड़ा मुश्किल था, क्योंकि यह शारीरिक रूप से मेरे लिए एक बड़ी चुनौती था। वैसे मारधाड़ के दृश्य वास्तविक नहीं थे, लेकिन यह बेहद कठिन था और एक सामान्य इंसान यह सब नहीं कर सकता है।"

उन्होंने कहा, "मारधाड़ वाले दृश्यों के निर्देशन के लिए चीन से निर्देशक बुलाया गया था और मारधाड़ वाले दृश्य तो काफी मुश्किल थे। जो भी हो मुझे इस फिल्म के लिए काफी कुछ नया सीखना पड़ा। मेरे हिसाब से 'कृष-3' में मेरी भूमिका काफी चुनौतीपूर्ण रही।"

विज्ञान-फंतासी फिल्म 'कृष-3', 'कृष-2' का अगला भाग है, जिसमें अभिनेता ऋतिक रोशन ने सुपरहीरो की और कंगना रनौत ने सुपरवुमन की भूमिका निभाई है।

निर्देशक राकेश रोशन ने फिल्म में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अभिनेता विवेक ओबेरॉय को भी मुख्य किरदारों में लिया है।

फिल्म 'गैंगस्टर : ए लव स्टोरी' से अपनी फिल्मी पारी की शुरुआत करने वाली कंगना ने कहा कि उनके अब तक के सात सालों के फिल्मी करियर में उनकी कोशिश हमेशा अलग-अलग भूमिकाएं करने की रही है।

End of content

No more pages to load