बदलाव विकास की निशानी : मिथुन

बदलाव विकास की निशानी : मिथुन
डांस रियलिटी शो 'डांस इंडिया डांस' के चौथे सत्र 'डांस इट आउट' के निर्णायक मंडल में इस बार फिरोज खान, श्रुति मर्चेट और मुदस्सर खान निर्णायक होंगे। इस कार्यक्रम की शुरुआत से ही निर्णायक रहीं गीता कपूर, टेरेंस लुइस और रेमो डिसूजा इसके पर्याय बन गए थे, लेकिन अब उनकी जगह तीन नए चेहरों ने ले ली है।

शो में बतौर ग्रैंडमास्टर दिखने वाले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती कहते हैं कि नए निर्णायक को शो की प्रगति और विकास के लिए जोड़ा गया है।

बुधवार को कार्यक्रम के लांच के मौके पर मिथुन ने कहा, "गीता कपूर, टेरेंस लुइस और रेमो डिसूजा 'डीआईडी' का हिस्सा हैं और हमेशा रहेंगे।"

उन्होंने कहा, "लेकिन मेरा मानना है कि बदलाव प्रगति की निशानी है। इसी वजह से इस बार हमने तीन नए चेहरे लिए हैं जोकि मेरे समान ही सोचते हैं।"

फिरोज 'अनजाना अनजानी', 'आर वन' और 'अग्निपथ' सरीखी फिल्मों में नृत्य निर्देशक रह चुके हैं। मुदस्सर ने फिल्म 'रेडी', 'बोल बच्चन' और 'बॉडीगार्ड' का नृत्य निर्देशन किया है।

श्रुति मशहूर नृत्य निर्देशिका वैभवी मर्चेट की छोटी बहन हैं। उन्होंने 'धूम' की श्रृंखलाओं, 'आजा नचले', 'रब ने बना दी जोड़ी', 'कल हो ना हो' और 'देवदास' में अपनी बहन की मदद की थी।

End of content

No more pages to load