अश्लीलता नहीं जुनून लिए है 'नच बलिए 6' : शिल्पा

अश्लीलता नहीं जुनून लिए है 'नच बलिए 6' : शिल्पा
रिएलिटी डांस शो 'नच बलिए 6' की निर्णायक अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम का नया भाग रोमांस और जुनून लिए है। इसमें अश्लील सामग्री नहीं है। शुक्रवार को यहां कार्यक्रम के नए भाग के लांच के मौके पर 38 वर्षीया शिल्पा ने कहा, "आप कार्यक्रम की पूरी अवधारणा गलत समझ रहे हैं। जब हम जुनून की बात करते हैं तो इसका मतलब अश्लील नहीं होता। जुनून हर शादी, रिश्ते और रोमांस का हिस्सा है। अगर आप रोमांस हटा दें तो कोई मजा नहीं।"

उनके सहायक निर्णायक व जाने-माने फिल्म निर्देशक साजिद खान कहते हैं कि प्रतिभागी उनके नृत्य कौशल के आधार पर आंके जाएंगे, सिर्फ जुनून के लिए नहीं।

साजिद ने कहा, "यहां नृत्य के जरिए रोमांस होगा, उन्हें उनके नृत्य के आधार पर आंका जाएगा। दर्शक नृत्य देखकर ही वोट देंगे। यह कार्यक्रम वेलेंटाइन-डे स्पेशल नहीं है। रोमांस इसका विषय है, लेकिन यह नृत्य का कार्यक्रम है।"

कार्यक्रम में गुरमीत चौधरी-देबीना बनर्जी, कनिका महेश्वरी-अंकुर घई, आम्रपाली गुप्ता-यश सिन्हा, राजू श्रीवास्तव-शिखा, कीकू शारदा-प्रियंका, रिपुदमन हांडा-शिवांगी सेठ, ऋत्विक धनजानी-आशा नेगी, रिद्धी डोगरा-राकेश बापत, बरुना अब्दुल्लाह-ओमर फारूख और विनोद ठाकुर-रक्षा की जोड़ी हिस्सा लेगी।

'नच बलिए 6' स्टार प्लस चैनल पर नौ नवंबर से प्रसारित होगा।

End of content

No more pages to load