लेडी गागा से मेरी तुलना न करें : कंगना

लेडी गागा से मेरी तुलना न करें : कंगना
अभिनेत्री कंगना रानौत के फैशन के अलहदा तौर तरीकों की तुलना कई बार अंतर्राष्ट्रीय गायिका लेडी गागा के फैशन से की जाती है। लेकिन कंगना का कहना है कि गागा के फैशन से उनके फैशन की तुलना करना सही नहीं है। गागा अपने अजीबो-गरीब फैशन, परिधान और स्टाइल के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं।

ब्लेंडर्स प्राइड फैशन वीक के दौरान 26 वर्षीया कंगना ने यहां कहा, "लोग तुलना करते रहते हैं। मुझे नहीं लगता मेरी तुलना लेडी गागा से की जानी चाहिए, क्योंकि मैं एक अभिनेत्री हूं और वह पॉप स्टार हैं।"

कंगना ने आगे कहा, "लेकिन फैशन की बात करें तो आज हर महिला बेहद जागरुक और सशक्त है। माइली साइरस हों या लेडी गागा, अपने फैशन के साथ नए नए प्रयोग सब कर रही हैं। मुझे लगता है कि भारत में भी कपड़ों, मेकअप और स्टाइल में नयापन लाकर महिलाओं को सशक्त दिखाने की जरूरत है।"

कंगना की हालिया फिल्म 'रज्जो' को बॉक्स ऑफिस पर और फिल्म समीक्षकों की काफी तारीफें मिली हैं। फिलहाल कंगना 'क्वीन' और 'रिवॉल्वर रानी' की शूटिंग में व्यस्त हैं।

End of content

No more pages to load