'डेढ़ इश्किया' में अरशद से बेहतर तालमेल : नसीर

'डेढ़ इश्किया' में अरशद से बेहतर तालमेल : नसीर
दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह को यकीन है कि अभिनेता अरशद वारसी के साथ उनका तालमेल वर्ष 2011 की सफल फिल्म 'इश्किया' की अपेक्षा 'डेढ़ इश्किया' में ज्यादा बेहतर और जोशीला है। यहां एक साक्षात्कार में 63 वर्षीय शाह से पूछा गया कि क्या बीते समय में अरशद के साथ उनका तालमेल सुधरा है?

नसीरुद्दीन ने कहा, "यकीनन, क्योंकि इन तीन वर्षो में हम अधिक अनुभवी हो गए हैं। हम अभी भी एक-दूसरे को उतना ही जानते हैं जितना तीन साल पहले जानते थे और हम बहुत करीबी दोस्त नहीं हैं। लेकिन मैं जानता हूं कि हम दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और एक-दूजे को सराहते हैं।"

वह मानते हैं कि अरशद उन्हीं की तरह बेहद शंकाहीन अभिनेता हैं।

नसीर ने कहा, "जब दो ऐसे अभिनेता मिलते हैं जो कि दूसरे से आशंकित नहीं हैं और अपनी भूमिका को लेकर चिंतित नहीं हैं तो आपको ऐसे आदमी के साथ काम करने में मजा आता है।"

फिल्म में नसीरुद्दीन खालूजान और अरशद ने बब्बन की भूमिका निभाई है।

अभिषेक चौबे निर्देशित 'डेढ़ इश्किया' में हुमा कुरैशी और माधुरी दीक्षित भी हैं। फिल्म 10 जनवरी, 2014 को प्रदर्शित होनी है।

End of content

No more pages to load